गोंदिया : गोरेगांव तहसील के पिंडकेपार रीट टोली जंगल परिसर में एक बारहसिंगा का शव दिखाई दिया। वन विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी मिलते ही वन कर्मचारियों ने घटना का पंचनामा कर मृत बारहसिंगा के शव को जंगल परिसर में ही दफना दिया। बारहसिंगा की मृत्यु आपस में एक-दूसरे के साथ लड़ने से तथा हमले में घायल होने से होने का अनुमान व्यक्त किया जा रहा है। गौरतलब है कि पिंडकेपार परिसर में इन दिनों किसानों ने खेत मंे ग्रीष्मकालीन धान की फसल लगाई हुई है। जिसके कारण चारों ओर खेतों में हरियाली दिखाई दे रही है। इसी हरियाली के चलते विभिन्न प्रकार के वन्यजीव जंगलों से निकलकर भटकते हुए गांव एवं खेतों तक आने लगे हैं। इसी के साथ गर्मी का मौसम शुरू होने से वे पानी की तलाश में भी भटकते हुए बस्तियों की ओर आ जाते हैं। पिंडकेपार वन क्षेत्र में बड़ी संख्या में बारहसिंगा विचरण करते हुए दिखाई पड़ते हैं।
गुरुवार को सुबह पिंडकेपार परिसर के ग्रामीणों को जंगल परिसर में बारहसिंगा मृत दिखाई दिया। जिसकी जानकारी उन्होंने गोरेगांव वन विभाग को दी। जानकारी मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे एवं पंचनामा कर बारहसिंगा के शव को एक गहरे गड्ढे में दफना दिया। मृत बारहसिंगा के शरीर पर एक गहरा घाव दिखाई पड़ रहा था। वहीं परिसर में दूर-दूर तक रक्त पड़ा हुआ दिखाई दिया, जिससे आशंका जताई जा रही है कि दो बारहसिंगा आपस में लड़े होंगे। एक-दूसरे के ऊपर हमला किया होगा, जिससे मृत बारहसिंगा गंभीर रूप से घायल हो गया और अधिक रक्तस्त्राव के कारण उसकी मृत्यु हो गई हो।



